जमशेदपुर। भारतीय नौसेना द्वारा अपने पूर्व सैनिकों के सेवानिवृत्ति के उपरांत कल्याण एवं देखभाल के उद्देश्य से पूरे देश को सात क्षेत्रों में विभाजित कर कमांड रेजिमेंटल सिस्टम ऑफिस 3(CRSO) का गठन किया गया है। प्रत्येक CRSO के अंतर्गत लगभग चार राज्यों के पूर्व नौसैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण की जिम्मेदारी होती है।इसी क्रम में CRSO कोलकाता के प्रतिनिधि के रूप में मास्टर एट आर्म्स आशीष प्रताप सिंह एवं लीडिंग सीमैन परवेज अख्तर जमशेदपुर पहुंचे। उनके द्वारा सोनारी स्थित आर्मी कैंप के फैमिली वेलफेयर सेंटर में एक विशेष नौसैनिक मिलन एवं कल्याणकारी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त गौरव सेनानी, वीर नारियां एवं उनके परिवार बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जमशेदपुर मिलिट्री स्टेशन के एडम ऑफिसर एवं यूनिट के सूबेदार मेजर का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।CRSO के प्रतिनिधियों ने पूर्व नौसैनिकों को नौसेना द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं पेंशन सहित अन्य समस्याओं को भी प्रतिनिधियों के समक्ष रखा, जिनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया तथा संबंधित दस्तावेज जमा किए गए।कार्यक्रम के दौरान लेफ्टिनेंट कमांडर मनोरंजन, शौर्य चक्र (मरणोपरांत) की माता रुक्मणी देवी की समस्याओं का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। जमशेदपुर मिलिट्री स्टेशन के एडम ऑफिसर ने इस संबंध में CRSO प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए शिकायत की एक प्रतिलिपि भी सौंपी, ताकि उनकी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।CRSO टीम ने कंप्यूटरीकृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने कार्यों एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही पूर्व सैनिकों की सुविधा के लिए अपने संपर्क नंबर एवं ई-मेल आईडी भी उपलब्ध कराई गई।कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले कर्नल तौकीब मुंतखाब, सूबेदार मेजर हेम सिंह तथा पूर्व सैनिकों के प्रतिनिधियों के रूप में सुशील कुमार सिंह, डॉ. कमल शुक्ला, दिनेश सिंह जायसवाल, रमेश कुमार एवं हरिशंकर सिंह को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया।आगंतुक CRSO प्रतिनिधियों को पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम की ओर से हरेन्दू शर्मा एवं ऑनरेरी सब लेफ्टिनेंट डी. एन. सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में रामनाथ, देवेंद्र त्रिपाठी, शिव शंकर चक्रवर्ती, मनोज ठाकुर, ए. के. ढोके, रेखा चक्रवर्ती, सविता सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित यह कार्यक्रम दोपहर के भोजन के उपरांत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कमांड रेजिमेंटल सिस्टम ऑफिस (नॉर्थ ईस्ट) के प्रतिनिधियों द्वारा जमशेदपुर में नौसैनिक मिलन का आयोजन













Leave a Reply