जमशेदपुर। टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट्स की संयुक्त पहल तथा हॉकी ऐस फाउंडेशन के तहत संचालित नवल टाटा हॉकी अकादमी(NTHA) ने बुधवार को अपने नए गर्ल्स विंग का आधिकारिक रूप से उद्घाटन किया। यह नई सुविधा युवा महिला खिलाड़ियों के विकास के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगी और उन्हें जमीनी स्तर पर खेल की शुरुआत से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं तक आगे बढ़ने का अवसर देगी।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि रुचि नरेंद्रन और विशिष्ट अतिथि एम. एम. सोमाया, ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता एवं भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान, उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डी. बी. सुंदरा रामम, वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील एवं चेयरमैन, हॉकी ऐस फाउंडेशन (HAF) भी मौजूद रहे।इस अवसर पर हॉकी ऐस फाउंडेशन के अन्य वरिष्ठ नेतृत्व, टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी, कोच और HAF के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रुचि नरेंद्रन ने कहा कि खेल हमेशा से टाटा स्टील की विरासत का अभिन्न हिस्सा रहे हैं और नवल टाटा हॉकी अकादमी जैसी संस्थाओं के माध्यम से यह प्रतिबद्धता आज भी जारी है। टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट्स की यह पहल युवा खिलाड़ियों के लिए एक सुरक्षित और विश्वस्तरीय आवास उपलब्ध कराती है, जहां वे सीख सकें, प्रशिक्षण ले सकें और बड़े सपने देख सकें। झारखंड ने भारतीय हॉकी को कई बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि राज्य की बेटियों को अपनी प्रतिभा को उच्चतम स्तर तक ले जाने के लिए हर अवसर मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहाँ की हर युवा खिलाड़ी इस अवसर को गर्व और महत्वाकांक्षा के साथ अपनाएगी।
वहीं सभा को संबोधित करते हुए एम. एम. सोमाया ने कहा कि हॉकी ऐस फाउंडेशन ने जमीनी स्तर से लेकर रीजनल डेवलपमेंट सेंटर और फिर हाई-परफॉर्मेंस सेंटर के रूप में NTHA तक खिलाड़ियों के विकास के लिए एक मजबूत तीन-स्तरीय व्यवस्था तैयार की है।
हॉकी ऐस फाउंडेशन के चेयरमैन डी. बी. सुंदरा रामम ने कहा कि गर्ल्स हॉस्टल का उद्घाटन हॉकी के लिए एक मजबूत और अधिक समावेशी विकास का मार्ग तैयार करने की कंपनी की यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। हॉकी ऐस फाउंडेशन का मानना है कि एक खिलाड़ी के विकास के लिए केवल हॉकी मैदान तक पहुंच पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सही कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस, शिक्षा, पोषण, रिकवरी और सहयोगपूर्ण वातावरण की भी आवश्यकता होती है। यह सुविधा इन सभी पहलुओं को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएगी और युवा महिला खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने में मदद करेगी। हमारा प्रयास केवल बेहतर हॉकी खिलाड़ी तैयार करना ही नहीं, बल्कि ऐसे सर्वांगीण व्यक्तित्व का निर्माण करना है, जो खेल से आगे के जीवन के लिए भी तैयार हों।













Leave a Reply