JHAHIN/2014/58773

टाटा स्टील कर्मचारियों के लिए 315 करोड़ रुपये का हुआ बोनस समझौता, जमशेदपुर के 11,021 कर्मचारियों को मिलेंगे 163.85 करोड़

Spread the love

जमशेदपुर। टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक बोनस को लेकर गुरुवार को समझौता संपन्न हो गया। समझौते के तहत टाटा स्टील के भारत स्थित विभिन्न परिचालनों में कार्यरत कुल 25,603 कर्मचारियों के बीच 315 करोड़ रुपये की बोनस राशि वितरित की जाएगी। बोनस समझौते के बाद कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।समझौते के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पूर्व से लागू वार्षिक बोनस योजना को ही जारी रखा गया है। बोनस राशि का निर्धारण कंपनी के प्रदर्शन से जुड़े विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया। इनमें भारत में टाटा स्टील के परिचालनों का शुद्ध लाभ, बिक्री योग्य स्टील की प्रति टन लाभप्रदता, उत्पादकता और सुरक्षा प्रदर्शन को प्रमुख आधार बनाया गया है। बोनस की गणना में टाटा स्टील मेरामंडली के लाभ को शामिल नहीं किया गया है।11,035.24 करोड़ रुपये रहा समायोजित शुद्ध लाभकंपनी के प्रदर्शन संबंधी आंकड़ों के अनुसार, असाधारण मदों को समायोजित करने के बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 में टाटा स्टील का शुद्ध लाभ 11,035.24 करोड़ रुपये रहा। इस अवधि में बिक्री योग्य स्टील का उत्पादन 1.611 करोड़ टन दर्ज किया गया। इसके आधार पर बिक्री योग्य स्टील पर प्रति टन लाभ 6,852 रुपये रहा।वहीं, कंपनी का कुल क्रूड स्टील उत्पादन 1.726 करोड़ टन रहा। उत्पादकता 674.2 टन प्रति कर्मचारी प्रति वर्ष दर्ज की गई। सुरक्षा प्रदर्शन के लिहाज से Lost Time Injury Frequency Rate (LTIFR) 0.39 रहा।इन सभी प्रदर्शन मानकों के आधार पर बोनस की कुल राशि 314.53 करोड़ रुपये निर्धारित की गई। बाद में इसे राउंड ऑफ करते हुए 315 करोड़ रुपये कर दिया गया। यह राशि टाटा स्टील के विभिन्न स्थानों पर कार्यरत पात्र कर्मचारियों के बीच वितरित की जाएगी।जमशेदपुर के 11,021 कर्मचारियों को 163.85 करोड़ रुपयेबोनस समझौते का सबसे बड़ा लाभ जमशेदपुर प्लांट और ट्यूब्स डिवीजन के कर्मचारियों को मिलेगा। दोनों इकाइयों के करीब 11,021 कर्मचारियों के बीच कुल 163.85 करोड़ रुपये की बोनस राशि वितरित की जाएगी। इस आधार पर जमशेदपुर और ट्यूब्स डिवीजन के कर्मचारियों का औसत बोनस करीब 1,48,675 रुपये होगा।समझौते के तहत वास्तविक उपस्थिति के आधार पर OS सीरीज में अधिकतम बोनस 4,52,512 रुपये तक निर्धारित किया गया है। वहीं NS सीरीज में अधिकतम बोनस 1,28,448 रुपये तक मिलेगा।इसके अलावा, पूर्ण उपस्थिति वाले NS सीरीज के कर्मचारियों के लिए न्यूनतम बोनस 39,016 रुपये निर्धारित किया गया है।कर्मचारियों में खुशीवार्षिक बोनस समझौता संपन्न होने के बाद टाटा स्टील के कर्मचारियों के बीच खुशी का माहौल है। बोनस राशि का निर्धारण वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी के प्रदर्शन और तय मानकों के आधार पर किया गया है। जमशेदपुर में 11 हजार से अधिक कर्मचारियों के बीच 163.85 करोड़ रुपये के वितरण से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा।टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच हुए इस समझौते को कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *