सरायकेला। गुरुवार को सरायकेला पुलिस लाइन में विधि-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नए पुलिस पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक मनोज़ स्वर्गायारी और एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने संयुक्त रूप से वाहनों को सभी थानों के लिए रवाना किया। मीडिया से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले को 19 नए पेट्रोलिंग वाहन मिले हैं, जिन्हें उन सभी थानों में भेजा जा रहा है जहां पुरानी गाड़ियां खराब या ऑफ-रोड हो चुकी थीं। उन्होंने कहा कि पहली किस्त में भी 19 गाड़ियां मिली थीं और अब नई खेप आने से पुलिस की कार्यप्रणाली और अधिक सशक्त होगी। यह सरायकेला जिला पुलिस के लिए एक बड़ी संपत्ति साबित होगी।
एसपी ने स्पष्ट किया कि इन वाहनों से पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम काफी कम होगा। डायल 100 और 112 पर आने वाली शिकायतों पर अब पुलिस मौके पर बेहद तेजी से पहुंचेगी। सरायकेला में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, एक निजी अस्पताल प्रबंधन द्वारा सीएसआर के तहत इन सभी वाहनों में फर्स्ट एड किट उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने आगे बताया कि पेट्रोलिंग वाहनों में तैनात जवानों को जल्द ही फर्स्ट एड का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित अस्पताल पहुंचा सकें। इस पहल से जिले में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम जनता को त्वरित आपातकालीन सहायता भी सुनिश्चित होगी।













Leave a Reply