जमशेदपुर। पुलिस ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश का पर्दाफाश किया है। मानगो बस स्टैंड के पास हथियार के साथ घूम रहे दो शूटरों को सीतारामडेरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के रहने वाले हैं और जमशेदपुर के कुख्यात अपराधी गणेश सिंह गिरोह के एक सदस्य की हत्या करने के इरादे से शहर पहुंचे थे। दरअसल, दो सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध अपराधी हथियार के साथ मानगो बस स्टैंड के आसपास घूम रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा पुलिस ने छापेमारी दल का गठन किया। पुलिस टीम जब मानगो बस स्टैंड से पहले पाण्डेय घाट के पास पहुंची, तो दो संदिग्ध शौचालय के पीछे छिपने का प्रयास करते दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी 38 वर्षीय प्रदीप सिंह और 24 वर्षीय अभिनय यादव के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान प्रदीप सिंह के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल और दो जिंदा गोलियां बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने सनसनीखेज खुलासा किया, कि वे जमशेदपुर के रहने वाले सिंटू सिंह उर्फ अभिमन्यु सिंह और अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव के कहने पर हत्या की सुपारी के लिए शहर आए थे। पुलिस के अनुसार, दोनों शूटरों को सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा स्थित अशोक कुमार के मकान में सुनील रजक के माध्यम से ठहराया गया था। पुलिस का दावा है कि इन्हें पिस्टल और गोलियां भी उपलब्ध कराई गई थीं। हालांकि, जिस व्यक्ति की हत्या करनी थी, उसका नाम और पूरा टारगेट डिटेल अभी दोनों को नहीं बताया गया था। पूछताछ में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले 19 अगस्त को भी दोनों शूटर एक अन्य सहयोगी राहुल विश्वकर्मा के साथ जमशेदपुर आए थे। उस वक्त कथित तौर पर निखार सबलोक की हत्या की योजना थी। लेकिन सुपारी की रकम के एडवांस को लेकर सिंटू सिंह से विवाद हो गया और तीनों बिना वारदात को अंजाम दिए वापस उत्तर प्रदेश लौट गए थे। पुलिस के मुताबिक, निखार सबलोक की हत्या के बाद दोबारा सिंटू सिंह और अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव के बुलावे पर दोनों जमशेदपुर पहुंचे थे। इस बार गणेश सिंह गिरोह के एक अन्य सदस्य को निशाना बनाने की तैयारी थी और दोनों शूटर टारगेट की जानकारी तथा सुपारी की रकम तय होने का इंतजार कर रहे थे। इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। फिलहाल दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया। वहीं पुलिस इस मामले में सिंटू सिंह उर्फ अभिमन्यु सिंह, सुनील रजक और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से जमशेदपुर में एक और संभावित गैंगवार की साजिश नाकाम होने का दावा किया जा रहा है।













Leave a Reply