JHAHIN/2014/58773

करीम सिटी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के नए सत्र 2026-30 के विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

जमशेदपुर। करीम सिटी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के नए सत्र 2026-30 के विद्यार्थियों के लिए गुरुवार को कॉलेज ऑडिटोरियम में इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं सामाजिक सेवा के विभिन्न आयामों से परिचित कराना तथा उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रियाज उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. शाहबाज अंसारी, सैयद साजिद परवेज, डॉ. याहिया इब्राहिम, प्रो. गौहर अजीज एवं डॉ. उधम सिंह सहित कॉलेज के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

मौके पर प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रियाज ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी पढ़ाई के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक सैयद साजिद परवेज ने विद्यार्थियों को एनएसएस के उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थी स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जागरूकता कार्यक्रम, सामुदायिक सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न अभियानों में सक्रिय भागीदारी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को समाज से जुड़ने और सेवा के माध्यम से अपने व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करने का अवसर प्रदान करता है।

कार्यक्रम का संचालन सानिया ने किया। अंत में डॉ. शाहबाज अंसारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *