JHAHIN/2014/58773

नाबालिग छात्रा को न्याय दिलाने को लेकर आदिवासी समाज ने‌ किया प्रदर्शन

Spread the love

अशोक भद्र

झाड़ग्राम : बेलपहाड़ी के एंठेला इलाके में सातवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म के घटना को लेकर शुक्रवार को जनाक्रोश फूट पड़ा। दोषी को कठोरतम सजा और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने कि मांग को लेकर स्थानीय आदिवासी समाज ने शिलदा के निमतला चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने महत्वपूर्ण झाड़ग्राम-बांकुड़ा राज्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे लंबे समय तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और अधिक तनावपूर्ण हो गई, जब बिनपुर के विधायक डॉ प्रणत टुडू वहां पहुंचे। विधायक को देखते ही आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेर लिया और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों के तीखे विरोध के बीच स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। बाद में पुलिस सुरक्षा के बीच विधायक प्रणत टुडू को घटनास्थल से बाहर निकाला गया।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले रविवार नाबालिग के साथ हुई इस कथित अमानवीय घटना की जानकारी सामने आने के बाद भी अब तक प्रशासन की कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही है। घटना के बाद स्थानीय आदिवासी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। लेकिन आंदोलनकारियों का कहना है कि दिन बीतने के बावजूद जांच में कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। इसी को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।शुक्रवार को बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग निमतला चौक पर एकत्र हुए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई की गति बेहद धीमी है और दोषी को सजा दिलाने के मामले में अनावश्यक देरी हो रही है। आंदोलनकारियों की मांग है कि आरोपी के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित नाबालिग को जल्द न्याय दिलाया जाए। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक प्रशासन की ओर से मामले में ठोस कार्रवाई और न्याय सुनिश्चित करने के संबंध में स्पष्ट एवं लिखित आश्वासन नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म की इस घटना ने पूरे बेलपहाड़ी और शिलदा क्षेत्र में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। शुक्रवार के प्रदर्शन और सड़क जाम के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और पुलिस प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *