JHAHIN/2014/58773

झाड़ग्राम में अवैध रेल टिकट, दलाली के खिलाफ आरपीएफ की कार्रवाई

Spread the love

झा

ड़ग्राम। रेलवे आरक्षण टिकटों की अवैध खरीद-फरोख्त और आपूर्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खड़गपुर मंडल के डिविजनल टास्क टीम ने रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, झाड़ग्राम के अधिकारियों और जवानों के साथ 5 सितंबर को झाड़ग्राम रेलवे यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) केंद्र पर विशेष अभियान चलाया।

अभियान के दौरान आरक्षण काउंटर के पास संदिग्ध अवस्था में कदम कानन निवासी 22 वर्षीय आकाश दीप गुहा को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से ट्रेन संख्या 18047 के लिए खड़गपुर से धारवाड़ का एक तत्काल स्लीपर क्लास आरक्षण टिकट बरामद हुआ। टिकट की यात्रा तिथि 6 सितंबर 2026 थी और उसका मूल्य 3,880 रुपये था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कदम कानन, झाड़ग्राम के एक ब्रोकर के लिए जरूरतमंद यात्रियों को तत्काल और अन्य यात्रा टिकट उपलब्ध कराने का काम करता था तथा प्रत्येक टिकट के बदले 200 रुपये प्राप्त करता था। बरामद टिकट भी आर्थिक लाभ के लिए आपूर्ति किया जाना था।

 रेलवे सुरक्षा बल ने टिकट और मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को रेलवे अधिनियम की धारा 179(2) के तहत गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, झाड़ग्राम की अदालत में पेश किया जाएगा।

आरपीएफ खड़गपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे आरक्षण टिकट केवल अधिकृत आरक्षण काउंटरों और रेलवे के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *