झाड़ग्राम। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में झाड़ग्राम जिला प्रशासन की ओर से नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत शनिवार को व्यापक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर झाड़ग्राम जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में ‘उल्लास’ अभियान के तहत एक विशेष झांकी का उद्घाटन किया गया। उक्त अवसर पर झाड़ग्राम जिलाधिकारी आकांक्षा भास्कर, विधायक लक्ष्मीकांत साऊ एवं अन्य गणमान्य लोगों ने हरी झंडी दिखाकर झांकी को रवाना किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के अशिक्षित नागरिकों को शिक्षा से जोड़ना तथा उन्हें आधुनिक जीवन की आवश्यकताओं के अनुरूप डिजिटल और वित्तीय रूप से सक्षम बनाना है।
जिला प्रशासन की ओर से अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर 5 से 8 सितंबर तक जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष झाड़ग्राम जिले में करीब 15 हजार नए शिक्षार्थियों को साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान में ‘उल्लास’ यानी Understanding Lifelong Learning for All in Society कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेवी शिक्षकों और शिक्षित नागरिकों को भी जोड़ा जा रहा है। इनके सहयोग से निरक्षर लोगों तक शिक्षा पहुंचाने और उन्हें जीवनोपयोगी ज्ञान प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन का मानना है कि वर्तमान समय में साक्षरता केवल पढ़ने और लिखने तक सीमित नहीं है। डिजिटल तकनीक, बैंकिंग सेवाओं और आधुनिक संचार माध्यमों का ज्ञान भी आज की आवश्यक साक्षरता का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
इस अवसर पर “विकसित झाड़ग्राम से विकसित भारत 2047” का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह आह्वान किया गया कि शिक्षित, जागरूक और डिजिटल रूप से सक्षम नागरिकों की भागीदारी से ही विकसित झाड़ग्राम और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों से नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।













Leave a Reply