सरायकेला। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी के नेतृत्व में चलाये गये अभियान के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल 164 आरोपियो को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। अभियान में अवैध हथियार और मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों पर भी कार्रवाई की गयी। पुलिस ने अवैध आर्म्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 हथियार और 812 जिंदा कारतूस बरामद किये। वहीं, लंबे समय से लंबित मामलों के निस्तारण के लिए अभियान चलाकर 457 गैर-जमानती वारंट और नौ स्थायी वारंट का निष्पादन किया गया। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एनडीपीएस से जुड़े मामलों में 7.5 लाख रुपये नकद बरामद किये। इसके अलावा 3.018 किलोग्राम अफीम और 26.45 ग्राम ब्राउन शुगर भी जब्त की गयी। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस ने गुमशुदगी और चोरी के मामलों में भी कार्रवाई की।. विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए 75 मोबाइल फोन बरामद कर लिये गये. वहीं, अलग-अलग मामलों में लापता 62 लोगों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। एसपी मनोज स्वर्गायारी ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ आम लोगों की सुरक्षा और उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। जिले में हुई इस कार्रवाई से पुलिस ने अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













Leave a Reply