JHAHIN/2014/58773

केशपुर में विद्यालय के प्रभारी शिक्षक पर हमला, शिक्षकों ने घेरा एसआई कार्यालय

Spread the love

पश्चिम मेदिनीपुर/केशपुर। पश्चिम बंगाल में शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों पर कथित हमलों के घटनाओं के बीच पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर में एक प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी शिक्षक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में शुक्रवार को केशपुर-1 चक्र के शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने एसआई कार्यालय का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

आरोप है कि केशपुर-1 चक्र के केंउसा प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी शिक्षक देवाशीष माइती को गुरुवार को दो लोगों ने विद्यालय से कथित तौर पर खींचकर बाहर निकाला और उनके साथ मारपीट की। विद्यालय के अन्य दो शिक्षकों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें हमलावरों से छुड़ाया। घटना में घायल देवाशीष माइती का फिलहाल इलाज चल रहा है। बताया गया है कि विवाद का संबंध विद्यालय में खाना बनाने वाली एक रसोइया टीम से जुड़ा है। आरोप है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में उक्त रसोइया टीम को खाना बनाने से रोकने तथा उनका पारिश्रमिक नहीं देने की धमकी प्रभारी शिक्षक को दी गई थी। सत्ता परिवर्तन के बाद कथित तौर पर वही रसोइया टीम विद्यालय पहुंचकर शिक्षक से विवाद करने लगी। मामले में ग्राम समिति ने हस्तक्षेप कर समाधान का आश्वासन दिया था और शिक्षक ने समिति के निर्णय को स्वीकार भी कर लिया था।

इसके बावजूद गुरुवार को अचानक उन पर हमला किए जाने का आरोप है। घटना के बाद शिक्षकों में नाराजगी फैल गई। शुक्रवार को केशपुर-1 चक्र के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एसआई कार्यालय का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ दृष्टांतमूलक कार्रवाई की मांग की। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *