जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित क्वार्टर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। वहीं, पूछताछ के दौरान सामने आए दूसरे आरोपी मो. जाफर को कदमा से पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके पास से भी चोरी के शेष सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की दोपहर साकची थाना अंतर्गत तमरिया रोड स्थित क्वार्टर नंबर एल-2/27 में अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर सोना, चांदी, जेवरात और अन्य सामान की चोरी कर ली थी। घटना के संबंध में पीड़ित सुधांशु आदित्या के बयान पर साकची थाना में मामला दर्ज किया गया था।
मामले के उद्भेदन, छापेमारी और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस को सुमित दास उर्फ लंगड़ा की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात बरामद किए गए। पूछताछ में घटना में शामिल दूसरे आरोपी मो. जाफर के बारे में भी जानकारी मिली।













Leave a Reply