खड़गपुर। यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चल रहे अमृत स्टेशन विकास कार्यों की प्रगति पर दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने शनिवार को सीधे मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने खड़गपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शालीमार-दिघा रेलखंड का निरीक्षण किया और विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने दिघा, तमलुक, मेचेदा और शालीमार स्टेशनों पर अमृत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण और यात्री सुविधा संबंधी कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता नहीं करने पर जोर दिया।
इसके बाद महाप्रबंधक ने पांशकुड़ा-दिघा रेलखंड के महत्वपूर्ण लेवल क्रॉसिंग गेटों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां सुरक्षा इंतजाम, परिचालन व्यवस्था और आधारभूत संरचना की स्थिति की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा लेवल क्रॉसिंग से जुड़ी संरचनाओं के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए गए।
अनिल कुमार जैन ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की गति के साथ उनकी गुणवत्ता और यात्रियों की सुविधा भी सर्वोच्च प्राथमिकता में रहनी चाहिए। उन्होंने चल रहे कार्यों की लगातार निगरानी करने और आधुनिक सुविधाओं का लाभ यात्रियों तक जल्द पहुंचाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय सहित दक्षिण पूर्व रेलवे और खड़गपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महाप्रबंधक को विभिन्न विकास कार्यों और रेल परिचालन से जुड़े मामलों की प्रगति की जानकारी दी।













Leave a Reply