झाड़ग्राम। साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए झाड़ग्राम साइबर क्राइम पुलिस ने कथित अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी की एक शिकायत के जांच के दौरान मिली खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाकर आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस का प्रारंभिक दावा है कि गिरफ्तार आरोपी म्यूल बैंक खातों के संचालन और उन्हें उपलब्ध कराने में कथित रूप से शामिल थे। इन खातों का इस्तेमाल लोन, लॉटरी, केवाईसी, नौकरी और अन्य साइबर ठगी से हासिल रकम को अलग-अलग खातों में भेजने के लिए किए जाने का संदेह है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज महतो, प्रबीर महतो, पापुन महतो और संतु महतो, सभी झाड़ग्राम जिले के निवासी, तथा साहिल मिश्रम, निवासी चंद्रपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड, 6 बैंक पासबुक तथा विभिन्न लोगों के कई पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन बैंकिंग दस्तावेजों और पहचान पत्रों का इस्तेमाल कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों के संचालन में किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान करने, ठगी की रकम के लेन-देन का पता लगाने तथा इस कथित अंतरराज्यीय नेटवर्क के व्यापक कनेक्शन की जांच कर रही है।













Leave a Reply