जमशेदपुर। महिला विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग एवं जमशेदपुर मैनेजमेंट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में कुलपति प्रो. इला कुमार के मार्गदर्शन में हिन्दी दिवस के अवसर पर ‘स्पंदन’ हिन्दी काव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मानविकी संकायाध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार साहु ने की। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डायरेक्टर एवं डीन, अकादमिक अफेयर्स, डॉ. किश्वर आरा रहीं। वहीं सम्मानित साहित्यकार डॉ. अरुण सज्जन और हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पा कुमारी निर्णायक मंडली के सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों का पौधा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
स्वागत भाषण समन्वयक नूपुर अंविता मिंज ने दिया। इसके पश्चात हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पा कुमारी हिन्दी दिवस की प्रासंगिकता तथा विद्यार्थियों में हिन्दी एवं साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने में ऐसे आयोजनों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘स्पंदन’ काव्य प्रतियोगिता में कुल 26 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्वरचित कविता के माध्यम से अपने विचारों, संवेदनाओं और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
डॉ. सुधीर कुमार साहु ने हिन्दी भाषा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को हिन्दी के प्रति जागरूक होने तथा भाषा और साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। मंच संचालन अभिलाषा जायसवाल एवं संतोषी नाथ ने तथा धनेयवाद ज्ञापन सिंधु शर्मा ने किया।













Leave a Reply