झाड़ग्राम। लालगढ़ थाना क्षेत्र के कांटापहाड़ी स्थित कमरबांध मैदान में शुक्रवार शाम फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान अचानक बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मैदान में बारिश से बचने के लिए टेंट के नीचे शरण लिए लोगों पर बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, कमरबांध मैदान में शुक्रवार शाम फुटबॉल टूर्नामेंट चल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ जोरदार बिजली कड़कने लगी। बारिश से बचने के लिए मैदान में मौजूद कई लोग एक टेंट के नीचे जमा हो गए। इसी दौरान टेंट पर अचानक बिजली गिर पड़ी। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और टेंट के नीचे मौजूद लोग जमीन पर गिर पड़े।आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा सभी घायलों को लालगढ़ अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से पांच लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बन गया। हादसे के बाद मैदान में चल रहा फुटबॉल टूर्नामेंट भी रोक दिया गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान टेंट पर गिरी बिजली, पांच की हालत गंभीर













Leave a Reply