आदित्यपुर। जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई बैंक लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद पड़ोसी जिले सरायकेला-खरसावां की पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है।
सीमावर्ती इलाकों में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सरायकेला जिला पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने वरीय पुलिस पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ आदित्यपुर और आरआईटी थाना क्षेत्र के विभिन्न बैंकों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने बैंकों के सुरक्षा ऑडिट का जायजा लिया। इस दौरान बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, आपातकालीन अलार्म सिस्टम और शाखाओं में तैनात निजी सुरक्षा गार्डों के हथियारों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों और आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर बनाए रखने को लेकर बैंक प्रबंधन व सुरक्षाकर्मियों को सतर्क किया।
निरीक्षण के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए एसपी ने कहा, यह हमारा रूटीन विजिट था, लेकिन हाल ही में घटी घटना को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। आरबीआई और पुलिस विभाग द्वारा जारी सुरक्षा गाइडलाइंस के तहत ही सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने सभी शाखा प्रबंधकों को स्पष्ट हिदायत दी कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही गश्ती दल को बैंकों के आसपास निरंतर पेट्रोलिंग करने के आदेश जारी किए गए हैं।इस मौके पर एसड़ीपीओ अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार तथा आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

















Leave a Reply