JHAHIN/2014/58773

रेलवे साइडिंग में प्रदूषण की जांच, स्थानीय लोगों ने एनजीटी टीम को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

जमशेदपुर। हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग से लगातार फैल रहे अत्यधिक धूल एवं वायु प्रदूषण की शिकायतों को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण की उच्चस्तरीय जांच टीम ने शनिवार को क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने जांच टीम के साथ रेलवे साइडिंग का बारीकी से निरीक्षण किया और क्षेत्र में लंबे समय से हो रहे प्रदूषण की स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे साइडिंग से उड़ने वाली धूल और प्रदूषण के कारण आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से सांस संबंधी समस्याओं के साथ-साथ अन्य स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। लोगों ने जांच टीम को प्रदूषण से प्रभावित क्षेत्र और इससे जुड़ी समस्याओं की जानकारी विस्तारपूर्वक दी।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से प्रदूषण की समस्या झेल रही है। ऐसे में केवल अस्थायी उपायों के बजाय प्रदूषण पर स्थायी रूप से रोक लगाने के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।

इस संबंध में स्थानीय लोगों की ओर से एनजीटी  की जांच टीम को एक मांग पत्र भी सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से रेलवे साइडिंग से होने वाले प्रदूषण की विस्तृत जांच कराने, प्रदूषण के कारणों को चिन्हित करने तथा उचित सुधारात्मक एवं पर्यावरणीय उपाय सुनिश्चित करने की मांग की गई।

स्थानीय लोगों ने स्पष्ट कहा कि जनता के स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे व्यापक स्तर पर जन आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!