JHAHIN/2014/58773

आदित्यपुरः मांदर की थाप पर झूमें लोग, भव्य करमा महोत्सव में उड़ीसा-बंगाल के कलाकारों ने बांधा समा

Spread the love

​आदित्यपुर। कुड़मी सेना टोटोमिक के तत्वावधान में आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में रविवार को भव्य एवं ऐतिहासिक करमा महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

मैदान में पारंपरिक विधि-विधान से ‘करम डाल’ स्थापित की गई, जहां हजारों श्रद्धालु मांदर और ढाक की गूंज पर झूमते-गाते करम राजा की आराधना करते नजर आए। महोत्सव में उड़ीसा और पश्चिम बंगाल से आए लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक झूमर प्रस्तुतियों से ऐसा समा बांधा कि पूरा मैदान तालियों और झूमर गीतों से गूंज उठा।

​समारोह में मुख्य रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, दुखनी सोरेन और वार्ड पार्षद राजरानी महतो सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

​इस अवसर पर कुड़मी सेना टोटोमिक के केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो ने कहा कि जैसे रक्षाबंधन पर बहनें भाई की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधती हैं, ठीक उसी तरह हमारी बहनें करम डाल की पूजा कर भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। उन्होंने कहा कि यह परंपरा हमारे पुरखों की थाती है और इसे शहरों तक लाना वीर शहीद सुनील महतो का सपना था। उन्होंने आह्वान किया कि नई पीढ़ी अपनी जड़ों और पुरखों की संस्कृति को कभी न भूले। लालटू महतो ने स्पष्ट किया कि कुड़मी समाज हमेशा एकजुट होकर अपनी पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए खड़ा रहेगा।

​कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं व युवतियों ने डहरे करम और बुढ़ी नाच प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। देर शाम तक चले इस सांस्कृतिक महाकुंभ ने संपूर्ण कोल्हान क्षेत्र को लोक-संस्कृति के अनूठे रंग में सराबोर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!