खड़गपुर। घर से निकलकर ट्रेन के रास्ते रुपसा रेलवे स्टेशन पहुंचे तीन नाबालिगों को समय रहते RPF ने सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। इनमें एक किशोरी और दो किशोर शामिल हैं। 2 अक्टूबर को प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर संदिग्ध हालत में घूमते देख RPF जवानों ने तीनों को रोका और सुरक्षित RPF पोस्ट ले गए।
ड्यूटी के दौरान ASI मानस मानिक और अन्य RPF कर्मियों की नजर बच्चों पर पड़ी थी। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे अपने-अपने घर से निकलकर बारिपदा रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन के जरिए रुपसा आए थे। उनकी उम्र करीब 15 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है। तीनों मयूरभंज जिले के बारिपदा क्षेत्र के रहने वाले हैं।
RPF ने मामले की जानकारी तत्काल बालेश्वर जिला बाल संरक्षण इकाई को दी। इसके बाद रेलवे चाइल्ड हेल्प डेस्क के प्रतिनिधि रमेश चंद्र प्रधान और सुपरवाइजर अमर बेहरा रुपसा RPF पोस्ट पहुंचे। बच्चों की जांच में वे सुरक्षित और स्वस्थ पाए गए। निर्धारित बाल संरक्षण प्रक्रिया के तहत तीनों को आगे की आवश्यक कार्रवाई और पुनर्वास के लिए चाइल्ड हेल्प डेस्क को सौंप दिया गया।















Leave a Reply