आदित्यपुर। शहर के प्रमुख सामाजिक-सांस्कृतिक मंच ‘प्रवीण सिंह सेवा संस्थान’ सह श्रीश्री दुर्गा पूजा कमिटी का भव्य और कलात्मक पूजा पंडाल लगभग तैयार हो चुका है। वर्तमान में कारीगर पंडाल को अंतिम स्वरूप देने में तेजी से जुटे हुए हैं। इस आकर्षक पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन 11 अक्टूबर की शाम 6 बजे होगा, जिसके बाद इसे आम दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित कई अन्य गणमान्य अतिथियों के उपस्थित रहने की प्रबल संभावना है। पूजा कमिटी के मुख्य संरक्षक सह पूर्व विधायक अरविन्द कुमार सिंह ने पंडाल की विशिष्टताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष दर्शकों के लिए कुछ बेहद खास तैयार किया गया है।
इस बार हिमाचल प्रदेश के प्राचीन एवं ऐतिहासिक भव्य शिव मंदिर की थीम पर आधारित पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। इसे धरातल पर उतारने के लिए विशेष रूप से पश्चिम बंगाल से कुशल कारीगरों को बुलाया गया है। अरविन्द सिंह ने दावा किया कि यहाँ की अद्वितीय कलात्मक प्रस्तुति और बारीकी से की गई नक्काशी इस वर्ष जमशेदपुर और आस-पास के क्षेत्रों से आने वाले लाखों देवी भक्तों व दर्शकों के आकर्षण का सबसे प्रमुख केंद्र रहेगी।















Leave a Reply