जमशेदपुर। शहर में डिलीवरी का काम करने वाले कर्मचारियों ने कम कमाई, ऑर्डर में कमी और बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने की समस्या को लेकर नाराजगी जाहिर की है। शनिवार को बिरसानगर के गुड़िया मैदान में लगभग 60 से 70 युवाओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों को उठाया। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय तक काम करने और मेहनत करने के बावजूद उन्हें उचित मजदूरी और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है।
डिलीवरी वर्करों के अनुसार, ब्लींकीट कंपनी में काम करने वाले कई युवा लंबे समय से होम डिलीवरी का काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी मजदूरी में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें न तो पर्याप्त वेतन मिल रहा है और न ही इंश्योरेंस, सेफ्टी कार्ड तथा नौकरी से संबंधित लिखित दस्तावेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद उन्हें लंबे समय तक ड्यूटी करनी पड़ती है और जोखिम उठाकर ग्राहकों के घरों तक सामान पहुंचाना पड़ता है।
वहीं, अन्य डिलीवरी वर्करों ने ऑर्डर में कमी और कम पेआउट को भी बड़ी समस्या बताया। उनका कहना है कि वर्करों की संख्या बढ़ने के कारण पुराने कर्मचारियों को पर्याप्त ऑर्डर नहीं मिल रहे हैं। पहले जहां एक घंटे में 80 से 90 रुपये तक की कमाई हो जाती थी, वहीं अब कई बार यह घटकर 40 से 50 रुपये प्रति घंटे तक रह गई है। ऑर्डर के इंतजार में लंबे समय तक बैठने के बावजूद पर्याप्त आमदनी नहीं हो पा रही है।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा कि रोजगार में होने के बावजूद वे खुद को बेरोजगार जैसा महसूस कर रहे हैं, क्योंकि उनकी कमाई से घर का खर्च चलाना और अपनी जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने कंपनी से मजदूरी बढ़ाने, काम के अनुरूप उचित भुगतान करने तथा इंश्योरेंस और सुरक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
















Leave a Reply