JHAHIN/2014/58773

सामाजिक कुरीतियों के विरोध में ऐभेन अखाड़ा जागुवार बैसी ने किया पुतला दहन

Spread the love

दिनाजपुर नाइट प्रोग्राम, झंडा-मुंडा खेल और जुआ पर रोक लगाने की उठाई मांग

मसलिया। दुमका जिले के मसलिया प्रखंड अंतर्गत रानीघाघर पंचायत के केसरायडीह चौक पर रविवार को ऐभेन अखाड़ा जागुवार बैसी की ओर से सामाजिक कुरीतियों के विरोध में पुतला दहन किया गया। संगठन ने दिनाजपुर नाइट प्रोग्राम, झंडा-मुंडा खेल और जुआ जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की। इस दौरान लोगों को जागरूक करते हुए बच्चों और युवाओं के भविष्य की रक्षा करने तथा सामाजिक एकता बनाए रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से संगठन ने कहा कि समाज में ऐसी गतिविधियों को लेकर जागरूकता फैलाना जरूरी है, ताकि युवा पीढ़ी शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक कार्यों की ओर आगे बढ़ सके।

संगठन ने दिनाजपुर नाइट प्रोग्राम पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा झंडा-मुंडा खेल बंद करने की मांग की। इसके साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे जुआ और नाइट प्रोग्राम जैसे आयोजनों के लिए अपनी जमीन बेचने या उपलब्ध कराने से बचें। अभिभावकों और समाज के जागरूक नागरिकों से बच्चों पर विशेष ध्यान देने तथा उन्हें गलत गतिविधियों से दूर रखने का आह्वान किया गया। संगठन ने संबंधित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी की। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सामूहिक प्रयास और जनजागरूकता से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। मौके पर समाजसेवी रविलाल किस्कू, बाबूराम टुडू, अभिमान हांसदा, बलमेन हेंब्रम, शिव ठाकुर किस्कू, सपन मुर्मू, रामधन सहित अन्य लोग उपस्थित थे। अंत में संगठन ने समाज के लोगों से एकजुट होकर बच्चों और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए काम करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!