रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के खान एवं खनिज संशोधन अधिनियम (MMDR) के खिलाफ राजकीय संकल्प पेश किया। विधानसभा ने इस संकल्प को पारित कर दिया। राज्य सरकार का दावा है कि इस नए कानून के लागू होने से झारखंड को हर साल करीब 13,000 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होगा, जिससे राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं पर सीधा असर पड़ेगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में कहा कि केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को MMDR संशोधन एक्ट को अधिसूचित किया था। इस कानून के जरिए खनिज युक्त भूमि और खनिज अधिकारों पर कर, उपकर या सेस लगाने की राज्यों की शक्तियों को सीमित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह कानून संघीय ढांचे के खिलाफ है और खनिज संपदा पर राज्यों के अधिकारों को कमजोर करता है।
राजकीय संकल्प में बताया गया कि झारखंड विधानसभा ने साल 2024 में ‘झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस विधेयक’ पारित किया था। इस कानून से राज्य को हर साल लगभग 13,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिल रहा था। इस राशि का उपयोग सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महिला सशक्तिकरण, मैया सम्मान योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि और आधारभूत संरचना जैसी योजनाओं के लिए किया जा रहा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर यह राजस्व बंद हो गया तो गरीब, आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए चलाई जा रही योजनाएं प्रभावित होंगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि इस कानून पर पुनर्विचार किया जाए और इसे वापस लिया जाए।
वहीं विपक्षी दल भाजपा ने सरकार के इस कदम पर सवाल उठाए। भाजपा विधायकों ने कहा कि सरकार पहले से चल रही योजनाओं के लिए फंड का रोना रो रही है, जबकि केंद्र सरकार राज्यों को अन्य माध्यमों से सहायता दे रही है। सदन के बाहर एनडीए विधायकों ने पेंशन और छात्रवृत्ति जैसे मुद्दों पर भी प्रदर्शन किया।
संकल्प पारित होने के बाद अब इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। राज्य सरकार ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया जाएगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुद्दा आने वाले दिनों में केंद्र और राज्य के बीच बड़े टकराव का कारण बन सकता है।













Leave a Reply