रांची: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत राजधानी रांची के खेलगांव में आज गुरुवार शाम से तीन दिवसीय भव्य मेला-प्रदर्शनी और सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत होने जा रही है। शाम 5 बजे मंत्री दीपक बिरुआ, संजय प्रसाद यादव और दीपिका पांडेय सिंह संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के साथ ही खेलगांव परिसर अगले तीन दिनों तक झारखंडी संस्कृति, कला, संगीत और स्वाद के रंगों से सराबोर रहेगा।
मेले में दिन के समय विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें कृषि, उद्योग, पर्यटन, हस्तशिल्प, हथकरघा, महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पाद, झारखंडी व्यंजन और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल शामिल होंगे। ग्रामीण इलाकों से आए कारीगरों और महिला समूहों के हाथ से बने उत्पादों को यहां विशेष मंच मिलेगा। बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन के साधन भी लगाए गए हैं।
आज शाम उद्घाटन के बाद सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत होगी। पहले दिन स्थानीय कलाकार मंच संभालेंगे। द सजनी ग्रुप के महिला बैंड द्वारा आधुनिक नागपुरी गायन और वादन की प्रस्तुति होगी। इसके अलावा छऊ नृत्य, झूमर, डोमकच, मांदर की थाप और संताली नृत्य की प्रस्तुतियों से झारखंड की समृद्ध लोक परंपरा की झलक देखने को मिलेगी।
आयोजकों के अनुसार, दूसरे दिन यानी 27 नवंबर को इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक की एकल गायन प्रस्तुति होगी। वहीं समापन दिवस 28 नवंबर को सबसे भव्य कार्यक्रम होगा। इस दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस दौरान परिसंपत्तियों का वितरण, टॉपर्स को पुरस्कार, कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
समापन संध्या में इंडियन आइडल फेम अभिषेक कुमार सांवरिया और पूजा चटर्जी अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही गिरिडीह के पंडित मोर मुकुट केडिया और पंडित मनोज केडिया का सितार-सरोद वादन, टाम मुर्मू की संताली बैंड और एल्वीन रोजारियो की लाइव बैंड प्रस्तुति भी होगी।
यह आयोजन सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भी हो रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और चिकित्सा की विशेष व्यवस्था की है। उम्मीद है कि तीनों दिन हजारों लोग मेला देखने खेलगांव पहुंचेंगे।













Leave a Reply