JHAHIN/2014/58773

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत रेलकर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण, तंबाकू के दुष्प्रभावों से कराया जागरूक

Spread the love

एमडीडीटीआई टाटानगर के सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित, 40 रेलकर्मियों ने लिया भाग

टाटानगर। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग एवं सिविल सर्जन, पूर्वी सिंहभूम के  संयुक्त तत्वावधान में टाटानगर स्थित एमडीडीटीआई के सभागार में रेलकर्मियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रेलकर्मियों को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम का संचालन रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने किया।

प्रशिक्षण के आरंभ में स्वास्थ्य विभाग की मौसमी मैडम ने विभिन्न प्रकार के तंबाकू उत्पादों, आकर्षक पैकेजिंग एवं विज्ञापन के माध्यम से बच्चों और युवाओं को आकर्षित करने की प्रवृत्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तंबाकू उत्पादों का आकर्षक स्वरूप लोगों को इनके सेवन की ओर प्रेरित करता है, जबकि इनके परिणाम स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक होते हैं।

डॉ. मृत्युंजय कुमार ने सिगरेट, पान मसाला एवं तंबाकू सेवन से शरीर की रक्तवाहिकाओं, हृदय और अन्य महत्वपूर्ण अंगों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन से हृदय रोग, हार्ट अटैक, कार्डियक अरेस्ट, हार्ट फेल्योर तथा विभिन्न प्रकार के कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से तंबाकू से दूर रहने की अपील की।

कुंदन कुमार ने तंबाकू मुक्त जिला बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता को आवश्यक बताते हुए कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए प्रत्येक नागरिक, सामाजिक संगठन एवं संस्थान को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

वहीं रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने तंबाकू के अत्यधिक सेवन से अचानक बेहोशी अथवा आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी 40 रेलकर्मियों को एक दिवसीय कार्यशाला का प्रशिक्षण प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!