जमशेदपुर। बागबेड़ा के रामनगर स्थित शिव मंदिर में मंगलवार 17 अगस्त को पूरे मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई। पूजा-अर्चना के बाद सैकड़ों महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा रामनगर से शुरू होकर बागबेड़ा रेलवे लाल बिल्डिंग, गांधीनगर एवं डीबी रोड चौक होते हुए बागबेड़ा बड़ौदा घाट स्थित खरकई नदी पहुंची।
खरकई नदी के तट पर विधि-विधान के साथ कलश विसर्जन कर यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान महिलाएं भगवान शिव के भक्ति गीत गाते हुए नृत्य करतीं और पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रही थीं। यात्रा के दौरान लगातार ‘हर-हर महादेव’ एवं भगवान शिव के जयकारे से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं में भगवान शिव के प्रति विशेष उत्साह और आस्था नजर आई। पूरे आयोजन के दौरान बस्तीवासियों का भी सहयोग रहा।
इस मौके पर अतिथि के रूप में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, वरीय कांग्रेसी नेता संजय झा, राज नारायण यादव, नकुल उपाध्याय के अलावे मंदिर के अध्यक्ष चतुर्भुज सिंह, सचिव त्रिवेणी माधव, कोषाध्यक्ष रोहित सिंह सहित बड़ी संख्या में बस्तीवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।













Leave a Reply