JHAHIN/2014/58773

जमीन घोटाले के मुख्य आरोपी को सीआईडी ने किया गिरफ्तार

Spread the love

अशोक भद्र

झाड़ग्राम: संकराइल के बकड़ा इलाके में कथित जमीन घोटाले की जांच में सीआईडी को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने और बेचने के मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे राजेश अग्रवाल को पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर से गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के अनुसार गुरुवार रात सीआईडी ने अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया। शुक्रवार दोपहर आरोपी को झाड़ग्राम जिला अदालत में पेश किया गया। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर, हस्ताक्षर जालसाजी और जमीन से जुड़े रिकॉर्ड में हेरफेर के जरिए वास्तविक मालिकों की जानकारी के बिना बीघों जमीन दूसरे लोगों के नाम हस्तांतरित और बिक्री कर दी गई। मामले में कई जमीन मालिकों के साथ धोखाधड़ी किए जाने का आरोप सामने आया है। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। शिकायत के आधार पर जांच शुरू होने के बाद पुलिस इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसी बीच मामले की जांच सीआईडी ने अपने हाथ में लेकर पूरे कथित गिरोह की भूमिका की पड़ताल शुरू की है।

राजेश अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद सीआईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि पहले गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों से उसका क्या संबंध था और कथित जमीन जालसाजी की पूरी प्रक्रिया में उसकी क्या भूमिका थी। जांच एजेंसी पुराने और नए दस्तावेज, रजिस्ट्री रिकॉर्ड, हस्ताक्षर तथा जमीन के स्वामित्व परिवर्तन से जुड़े कागजातों की भी जांच कर रही है।

इसके अलावा जमीन हस्तांतरण के दौरान किसी दलाल गिरोह या अन्य लोगों की भूमिका थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। राजेश अग्रवाल से पूछताछ के बाद फर्जी दस्तावेज तैयार करने, जमीन रजिस्ट्री की प्रक्रिया में शामिल लोगों और इस पूरे मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद जांच अधिकारियों को है।0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *