चंद्रशेखर
सरायकेला। उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडिओ कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन के साथ ही जिले में अवैध खनन, अवैध खनिज परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। पदाधिकारी ने ने बताया कि 22 जून से 21 अगस्त 2026 तक लगभग 3,50,000 घन फीट अवैध भंडारण की गई बालू जब्त की गई। वहीं इस दौरान 14 वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 12.91 लाख रुपये की राशि की वसूली की गई तथा 01 प्राथमिकी/शिकायतवाद दर्ज किया गया। कार्रवाई के क्रम में 03 ट्रैक्टर, 05 हाइवा एवं 01-407 वाहन सहित अवैध क्वार्जाइट पत्थर उत्खनन एवं खनिज परिवहन से संबंधित वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में अवैध खनन, विशेषकर बालू के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं एनजीटी के निर्देशानुसार निर्धारित अवधि में नदी से बालू के अवैध उत्खनन एवं उठाव पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने तथा नदी घाटों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। अवैध गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्र में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित जांच एवं छापेमारी अभियान संचालित करने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन के संबंध में किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायत अथवा सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्राप्त सूचना को लंबित न रखते हुए संबंधित पदाधिकारी द्वारा त्वरित सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा की गई कार्रवाई से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया जाए।
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सदस्य एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।













Leave a Reply