JHAHIN/2014/58773

11वें दिन कोल्हान पहुंची भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा

Spread the love

झारखंड में शिक्षा और नौकरी में नई‌ क्रान्ति का दावा

जमशेदपुर। झारखंड में भर्ती व्यवस्था में सुधार और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग को लेकर निकाली गई भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा 11वें दिन कोल्हान पहुंची। यात्रा के तहत पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। यात्रा का नेतृत्व बाबू देवेंद्र नाथ महतो ने किया।पूर्वी सिंहभूम में यात्रा बोड़ाम स्थित निर्मल महतो चौक से शुरू होकर जाल्ला कॉलेज, पटमदा, कदमा उलियान स्थित निर्मल महतो समाधि स्थल, को-ऑपरेटिव कॉलेज, आम बागान मैदान और साकची गोलचक्कर समेत विभिन्न स्थानों पर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और समर्थकों ने हाथों में झंडे लेकर भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।आम बागान मैदान में स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तथा साकची गोलचक्कर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर देवेंद्र नाथ महतो ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की कथित भ्रष्ट भर्ती व्यवस्था के खिलाफ उलगुलान चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में लगातार असंतोष बढ़ रहा है और सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। महतो ने कहा कि “यह राजनीति नहीं, बल्कि एक क्रांति है।” उन्होंने कहा कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा राज्य के सभी जिलों में जाएगी और युवाओं के बीच जागरूकता एवं चेतना पैदा करने का काम करेगी। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भर्ती व्यवस्था की खामियों के कारण झारखंड के युवाओं का भविष्य बर्बाद न हो।उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए आवाज बुलंद करने की अपील की। यात्रा के दौरान युवाओं में भी काफी उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *