झाड़ग्राम। दूरदराज के क्षेत्रों में आम लोगों तक सरकारी और आवश्यक सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए झाड़ग्राम के पुलिस अधीक्षक मनव सिंघला, ने पूर्व ताराफेनी सीआरपीएफ कैंप परिसर में ताराफेनी सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ‘दिशा कोचिंग सेंटर’ का भी शुभारंभ किया गया।
यह सीआरपीएफ कैंप पहले वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा अभियानों के लिए स्थापित किया गया था। उद्घाटन कार्यक्रम में झाड़ग्राम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैसल रजा, एसडीपीओ बेलपहाड़ी तथा बेलपहाड़ी थाना प्रभारी उपस्थित थे।
यह पहल पूर्व सुरक्षा शिविरों को सेवा केंद्रों में परिवर्तित करने की केंद्रीय गृह मंत्रालय की परिकल्पना के अनुरूप की गई है। छत्तीसगढ़ में इसी प्रकार के सुरक्षा शिविरों को जनसेवा केंद्रों में बदलने के मॉडल से प्रेरित होकर यह पहल शुरू की गई है।
‘दिशा कोचिंग सेंटर’ के उद्घाटन अवसर पर करीब 40 विद्यार्थी उपस्थित थे। इस केंद्र का उद्देश्य विशेष रूप से समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराना और उनके लिए बेहतर अवसर तैयार करना है।
ताराफेनी सेवा केंद्र में चरणबद्ध तरीके से शिक्षा सहायता, कौशल विकास, आईसीडीएस, बैंकिंग सुविधाएं, आधार संबंधी सेवाएं तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं की घर तक पहुंच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। अधिकारियों के अनुसार, यह पहल केवल सुरक्षा आधारित पुलिसिंग से आगे बढ़कर जनसेवा और विश्वास निर्माण आधारित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य शिक्षा, कौशल विकास और सुलभ जनसेवाओं के माध्यम से स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाना है।













Leave a Reply