JHAHIN/2014/58773

 आसंगी चेक डैम में डूबे दोनो युवकों का शव बरामद

Spread the love

​आदित्यपुर। आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित खरकई नदी के आसंगी चेक डैम में रविवार शाम तेज बहाव में बहे दो युवकों का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया है।

आदित्यपुर के बंनतानगर निवासी 18 वर्षीय सोनू लोहार का शव वस्तु विहार के पास नदी घाट से उसका शव निकाला गया। वहीं मीरूडीह निवासी शुभम शर्मा का शव नदी घाट से 500 मीटर दूर पर मिला। आरआईटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।

​घटना रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। दोनों युवक बाइक से आसंगी चेक डैम पहुंचे थे और नहाने के लिए नदी में उतरे थे। बारिश के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और बहाव बेहद तेज था, जिसकी चपेट में आकर दोनों गहरे पानी में समा गए। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविकांत पराशर पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों के साथ पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।

​लगातार जानलेवा साबित हो रहा चेक डैम ​प्रशासन द्वारा चेतावनी बोर्ड लगाए जाने और नदी में उतरने पर रोक के बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। आसंगी चेक डैम अब खतरनाक ‘डेंजर जोन’ बन चुका है। इस वर्ष यहां डूबने से अब तक सात युवकों की जान जा चुकी है। इनमें आदित्यपुर-2 के पथ संख्या 11 व 21 के दो युवक, एस-टाइप व कल्पनापुरी के दो युवक और एनआईटी का एक छात्र शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों व युवाओं से अपील की है कि वे उफनती नदी और चेक डैम के गहरे पानी में उतरने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *