JHAHIN/2014/58773

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित

Spread the love

झाड़ग्राम (अशोक भद्र)। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर झाड़ग्राम में एक अनूठी और रचनात्मक पहल देखने को मिला । पारंपरिक कार्यक्रमों से अलग हटकर सामाजिक संस्था ब्लैक कॉरिडोर और देबलीना टूर ट्रैवल्स के संयुक्त तत्वावधान में छोटे बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विशेष रूप से आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े परिवारों के बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

मंगलवार को झाड़ग्राम के बिगबैंग हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को अपनी कल्पनाओं और रचनात्मक प्रतिभा को कागज पर उकेरने का अवसर मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में अबीर एंटरप्राइज ने भी सहयोग का हाथ बढ़ाया।

उल्लेखनीय है कि ब्लैक कॉरिडोर पिछले कई वर्षों से झाड़ग्राम के पिछड़े और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रहा है। संस्था केवल औपचारिक पढ़ाई तक ही अपनी गतिविधियों को सीमित नहीं रखती, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देती है। इसके तहत बच्चों को चित्रकला, नृत्य, संगीत समेत विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाता है।

संस्था बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके मानसिक विकास और खुशहाल बचपन को भी उतना ही महत्वपूर्ण मानती है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर बच्चों के लिए मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्हें रेस्टोरेंट में भोजन कराने, विभिन्न स्थानों की सैर कराने और अन्य मनोरंजनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की भी पहल की जाती है।

आयोजकों का कहना है कि शिक्षा का अर्थ केवल किताबों और पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है। बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानना, उनकी रचनात्मकता को विकसित करना और उनमें आत्मविश्वास पैदा करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आयोजित इस चित्रांकन प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उनके व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस पहल को खास बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *