JHAHIN/2014/58773

एन.आई.टी. जमशेदपुर में जुटेंगी 13 राज्यों की 150 महिला शिक्षाविद एवं नेतृत्वकर्ता

Spread the love

जमशेदपुर। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में एन.आई.टी. जमशेदपुर, श्रीनाथ विश्वविद्यालय, जमशेदपुर एवं इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, सरायकेला के संयुक्त तत्वावधान में 09 एवं 10 सितंबर 2026 को एन.आई.टी. जमशेदपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन-2026 का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में 13 राज्यों से लगभग 150 महिला शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों की पदाधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला नेतृत्वकर्ताओं की सहभागिता होगी।

सम्मेलन का उद्देश्य महिला शिक्षा, नेतृत्व, भारतीय ज्ञान एवं परंपरा, सामाजिक परिवर्तन तथा समकालीन चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर राष्ट्रीय स्तर पर विचार-विमर्श एवं संवाद स्थापित करना है। झारखंड एवं विशेष रूप से जमशेदपुर में इतने बड़े राष्ट्रीय आयोजन का होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

एन.आई.टी. जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने कहा कि राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन-2026 का एन.आई.टी. जमशेदपुर में आयोजन संस्थान के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा और नेतृत्व केवल महिलाओं के सशक्तीकरण तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह समाज, शिक्षा और राष्ट्र के समग्र विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण आयाम है।

उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन विभिन्न राज्यों से आने वाली शिक्षाविदों एवं महिला नेतृत्वकर्ताओं को अपने अनुभव साझा करने, विचारों का आदान-प्रदान करने तथा शिक्षा एवं सामाजिक परिवर्तन के लिए नई संभावनाओं पर विचार करने का अवसर प्रदान करते हैं। एन.आई.टी. जमशेदपुर इस महत्वपूर्ण विमर्श की मेजबानी करते हुए स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है। उन्होंने सम्मेलन की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं सहयोगी संस्थाओं को शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि सम्मेलन से महिला शिक्षा एवं नेतृत्व के क्षेत्र में सार्थक एवं दूरगामी परिणाम सामने आएंगे।

इस अवसर पर सम्मेलन एवं आयोजन से संबंधित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी संस्थान के मीडिया प्रभारी डॉ. रत्नेश कुमार मिश्रा ने दी। उन्होंने सम्मेलन की रूपरेखा, विभिन्न सत्रों, प्रतिभागियों की सहभागिता तथा मीडिया के लिए उपलब्ध कार्यक्रम संबंधी जानकारी से अवगत कराया।

वहीं राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन-2026 के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता को डॉ. शुक्ला महंती, पूर्व कुलपति, कोल्हान विश्वविद्यालय एवं कार्यक्रम संयोजिका,  डॉ. पियूष रंजन, कुलपति, झारखंड राय विश्वविद्यालय, रांची एवं प्रांत अध्यक्ष शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास,  डॉ. शीतल कुमारी, डॉ. कविता परमार, डॉ. सरोज कुमार सारंगी, कुलसचिव, एन.आई.टी. जमशेदपुर एवं डॉ. विजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय संयोजक, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *