पश्चिम मेदिनीपुर। पश्चिम बंग विज्ञान मंच की पश्चिम मेदिनीपुर जिला समिति के पहल पर मेदिनीपुर शहर के निर्मल हृदय आश्रम हाई स्कूल में जिला स्तरीय विज्ञान विषयक सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्घाटन संगठन के राज्य महासचिव सौरभ चक्रवर्ती ने किया।
जिले के 19 विज्ञान केंद्रों में आयोजित प्राथमिक चरण की प्रतियोगिताओं में सफल 636 प्रतिभागियों को लेकर जिला स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की गई। संगठन के राज्य महासचिव सौरभ चक्रवर्ती ने बताया कि संगठन के 40वें वर्ष के अवसर पर राज्य के 23 जिलों में से 22 जिलों में इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक जिले के सफल प्रतिभागियों को लेकर आगामी 26 और 27 सितंबर को कोलकाता के राजा बाजार साइंस कॉलेज में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी।
कार्यक्रम में श्री चक्रवर्ती ने वैज्ञानिक सोच और तर्कवादी चेतना को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने समाज में वैज्ञानिक एवं तर्कवादी दृष्टिकोण के प्रसार में चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र दाभोलकर के योगदान का उल्लेख किया। साथ ही वर्तमान समय में नेपाल में आई बाढ़, पर्यावरणीय संकट, शहरी ताप द्वीप और ग्रीनहाउस प्रभाव जैसे विषयों पर भी चर्चा की।
प्रतियोगिता शुरू होने से पहले जिला अध्यक्ष डॉ. सुजाता मैती ने संगठन का झंडा फहराया। जिला सचिव डॉ. सुधापद बसु ने स्वागत भाषण दिया।
प्रतियोगिता में 50 निर्णायकों ने 12 विषयों की 23 अलग-अलग श्रेणियों में प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। निर्णायक मंडल में प्रख्यात संगीतज्ञ जयंत साहा, आलोक बरन मैती और वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व प्राध्यापक कुमारेश घोष सहित कई विशिष्ट लोग शामिल रहे। विभिन्न श्रेणियों में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के संचालन में सुजाता मैती, डॉ. दिलीप चक्रवर्ती, डॉ. कालीपद प्रधान, डॉ. बाबूलाल शासमल, कार्तिक चक्रवर्ती, संटू ओझा, चंद्रशेखर दास, गोपाल हरि बसु, देबब्रत दुआरी, सुषमा प्रधान, सुजीत कुमार घोष, अभिजीत दास गोस्वामी, सुब्रत घोड़ाई, दीपाली राणा, पुलक पात्र, विश्वजीत प्रमाणिक और खगेन्द्रनाथ मैती समेत संगठन के अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













Leave a Reply