JHAHIN/2014/58773

पश्चिम मेदिनीपुर में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

Spread the love

​पश्चिम मेदिनीपुर। जिला योगासन संघ के प्रबंधन तथा राष्ट्रीय क्रीड़ा एवं शक्ति संघ के सहयोग से केडी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड जनरल स्टडीज में एक दिवसीय गैर-आवासीय योगासन जजेस ओरिएंटेशन कैंप आयोजित किया गया।

शिविर में पूर्वी मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों से करीब 75 योग शिक्षक, निर्णायक और अधिकारी शामिल हुए। शिविर का उद्देश्य योगासन प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल से जुड़े शिक्षकों और अधिकारियों को नियमों, तकनीकी पहलुओं तथा आधुनिक मूल्यांकन प्रणाली के संबंध में प्रशिक्षण देना था। कार्यक्रम में पश्चिम मेदिनीपुर जिला योगासन संघ के सचिव प्रशांत कुमार घोष ने शिविर के विभिन्न विषयों और उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की। इंडियन योग फेडरेशन के राष्ट्रीय निर्णायक आलोक कुमार पाल ने योग से संबंधित एनाटॉमी विषय पर विस्तृत और रोचक व्याख्यान दिया।

एडवांस योगासन के अभ्यास के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों पर फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. तमाल घोष (एमपीटी) ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं इंडियन योग फेडरेशन की आयु वर्ग आधारित 24 श्रेणियों के अंतर्गत शामिल 64 योगासन मुद्राओं की विस्तृत जानकारी राष्ट्रीय निर्णायक मालविका दे ने दी। इस सत्र में चिनांशुक दास, टोटन राय, तपन चंद तथा अन्य राज्य स्तरीय निर्णायकों ने भी सहयोग किया। दुर्गापुर से राज्य संघ द्वारा मनोनीत देबाशीष बाबू ने मैनुअल और डिजिटल योगासन निर्णायक प्रक्रिया तथा मूल्यांकन पद्धति पर चर्चा की। आयोजकों ने बताया कि नए प्रतिभागियों में से जिला योगासन निर्णायक तैयार करने के लिए आगामी 13 सितंबर को विद्यासागर स्मृति मंदिर में आयोजित होने वाली 35वीं जिला योगासन प्रतियोगिता के दौरान थ्योरी और प्रैक्टिकल परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा के माध्यम से नए जिला स्तरीय निर्णायकों का चयन किया जाएगा।

इसके अलावा प्रतिभागियों की रुचि को देखते हुए ऑनलाइन प्रशिक्षण के माध्यम से योग दर्शन पर भी आगे विशेष चर्चा और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है।

शिविर में पश्चिम मेदिनीपुर जिला योगासन संघ के कोषाध्यक्ष पार्थ सारथी मंडल, डीएसए मेदिनीपुर के सचिव संजीत तोरई तथा संघ के अधिकारी चंदन साउ, रंजीत दे, महादेव तेली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *