भाजपा ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष किया प्रदर्शन
सरायकेला। जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच और छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने सरायकेला समाहरणालय परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय भाषा की परीक्षाओं में स्थानीय भाषाओं को बोलने और समझने वाले छात्र सफल नहीं हो रहे हैं, जबकि बाहर के अभ्यर्थियों के सफल होने से परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
साहू ने आरोप लगाया कि गरीब किसान, मजदूर और रिक्शा चालक अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए मेहनत करते हैं और उन्हें उम्मीद होती है कि पढ़ाई के बाद बच्चों को रोजगार मिलेगा। लेकिन यदि पैसे के बल पर नौकरी बेचने का काम किया जाएगा, तो इसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के आंदोलन के साथ हर कदम पर खड़ी है। छात्रों और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ हुई कथित कार्रवाई का समाधान होने तक पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन को समर्थन देते रहेंगे।
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड के छात्र शांतिपूर्ण और मर्यादित तरीके से अपना आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन पर कार्रवाई करना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से छात्रों के अधिकारों की रक्षा करने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान पांच सदस्यों की एक प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सोंपा है।













Leave a Reply