JHAHIN/2014/58773

पटना में CBI का बड़ा एक्शन: सर्टिफिकेट के नाम पर घूस लेती महिला आयकर अधिकारी और क्लर्क गिरफ्तार

Spread the love

पटना बिहार की राजधानी पटना से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आ रही है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने पटना के आयकर गोलंबर स्थित इनकम टैक्स ऑफिस में छापेमारी कर एक महिला आयकर अधिकारी (ITO) सुनंदा कुमार और विभाग की एक महिला क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सीबीआई की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे आयकर महकमे और प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।  

सर्टिफिकेट के बदले मांगी थी ₹75,000 की घूस
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला एक गैर-सरकारी संगठन ‘श्रवण ज्योति विवेकानंद संस्थान’ से जुड़ा हुआ है। संस्था की संचालिका ज्योति मिश्रा ने एनजीओ के लिए आयकर विभाग में 12ए और 80जी प्रमाणपत्र जारी कराने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस आवश्यक सर्टिफिकेट को मंजूर करने के एवज में महिला आयकर अधिकारी सुनंदा कुमार ने एनजीओ प्रतिनिधि से ₹75,000 की रिश्वत की मांग की थी।

सीबीआई ने बिछाया जाल, पहली किस्त लेते धराईं
पीड़िता ने इसकी शिकायत पटना स्थित सीबीआई कार्यालय में कर दी। सीबीआई ने प्राथमिक जांच में शिकायत को सही पाया और डीएसपी रुबी चौधरी के नेतृत्व में जाल बिछाया। 10 सितम्बर को जैसे ही शिकायतकर्ता रिश्वत की पहली किस्त के रूप में ₹15,000 देने आयकर कार्यालय पहुंची, महिला अधिकारी ने चतुराई दिखाते हुए वह रकम खुद न लेकर विभागीय क्लर्क के माध्यम से स्वीकार की। पैसे का लेन-देन होते ही घात लगाए बैठी सीबीआई की टीम ने दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया और रिश्वत की राशि बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ में जुट गई है। जांच एजेंसी इस बात का भी पता लगा रही है कि क्या इस रैकेट में विभाग के कुछ अन्य अधिकारी भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *