वेल्लोर। तमिलनाडु के वेल्लोर जिले से एक बेहद दर्दनाक और बड़ा हादसा सामने आया है। यहाँ काटपाडी के पास मंडी कृष्णपुरम (त्रिरुवलम क्षेत्र) में बन रहे एक निर्माणाधीन चर्च की कंक्रीट की छत अचानक भरभरा कर ढह गई। इस भीषण दुर्घटना में निर्माण कार्य में लगे 3 मजदूरों की मलबे में दबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह दुखद घटना गुरुवार शाम करीब 3:45 से 4:30 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब ‘चर्च ऑफ साउथ इंडिया’ (CSI) की लगभग 3,952 वर्ग फुट में बन रही इमारत की छत की ढलाई (Concreting) का काम चल रहा था। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, छत को सहारा देने के लिए खड़ा किया गया 20 फुट ऊंचा भारी स्टील का मचान और सपोर्ट फ्रेमवर्क अचानक वजन नहीं संभाल पाया और नीचे आ गिरा। मचान गिरते ही ऊपर काम कर रहे और नीचे खड़े मजदूर भारी कंक्रीट मिक्स, लोहे की छड़ों और मलबे के नीचे जिंदा दफन हो गए।
रात भर चला NDRF का ‘वॉर-फुटिंग‘ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और अरक्कोनम से एडीआरएफ की टीमें डॉग स्क्वाड के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। प्रशासन और बचाव दलों ने युद्ध स्तर पर राहत कार्य शुरू किया और कंक्रीट कटर व क्रेन की मदद से रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे से लोगों को बाहर निकाला।
मलबे से निकाले गए 11 घायलों को तुरंत ग्रीन कॉरिडोर बनाकर वेल्लोर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल, सीएमसी (CMC) हॉस्पिटल और पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के चित्तूर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वेल्लोर की जिला कलेक्टर पी.एस. लीला अलेक्स ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और यह भी सत्यापित किया जा रहा है कि क्या चर्च निर्माण के लिए सभी आवश्यक अनुमतियां ली गई थीं या नहीं। जांच के पश्चात दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply