बहरागोड़ा(हिमांशु करण)। बहरागोड़ा थाना की ओर से शुक्रवार को टीपीएस डीएवी पब्लिक स्कूल में ‘मोबाइल की लत एवं हमारी जिम्मेदारियां’ विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मोबाइल व सोशल मीडिया के सुरक्षित और संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करना था। वहीं कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य मुकेश कुमार द्वारा अतिथियों को अंगवस्त्र एवं गुलदस्ता भेंटकर स्वागत करने के साथ हुआ। कार्यशाला को संबोधित करते हुए पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार ने चेतावनी दी कि मोबाइल ज्ञान का साधन तो है, लेकिन इसका अत्यधिक व अनियंत्रित उपयोग बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए इसका प्रयोग केवल जरूरत के हिसाब से ही करें।
वहीं थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने छात्रों को स्क्रीन टाइम, अनावश्यक गेमिंग व सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई, खेलकूद,नैतिक शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। अंत में विद्यालय के प्राचार्य मुकेश कुमार ने कहा कि तकनीक समस्या नहीं है, बल्कि उसका विवेकपूर्ण उपयोग न करना चिंता का विषय है। उन्होंने बच्चों से तकनीक का गुलाम न बनकर इसे अपने विकास का जरिया बनाने और पुलिस अधिकारियों के सुझावों को दैनिक जीवन में उतारने का आह्वान किया। इस अवसर पर एएसआई मुकेश शरण समेत स्कूल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













Leave a Reply