जमशेदपुर। सांसद विद्युत बरण महतो को लोकसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एक बार फिर संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर के भीम हॉल में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। बताया गया कि लोकसभा में 100 प्रतिशत उपस्थिति और सदन में प्रभावी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें यह सम्मान पांचवीं बार प्राप्त हुआ है।
सांसद विद्युत बरण महतो को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी के हाथों प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि के रूप में केंद्रीय शिक्षा एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार उपस्थित रहे। वहीं, सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रम को संबोधित किया। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष हंसराज अहीर ने की।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद सांसद विद्युत बरण महतो ने इसे अपनी पार्टी और जमशेदपुर की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास और अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “मैं अपनी पार्टी और देवतुल्य जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझे इस योग्य समझा। यह सम्मान मेरे लिए नहीं, बल्कि जमशेदपुर की जनता के विश्वास और आशीर्वाद का सम्मान है।”













Leave a Reply