JHAHIN/2014/58773

आदित्यपुर में छोटे खरकई पुल से महिला ने नदी में लगाई छलांग, तलाश जारी

Spread the love

आदित्यपुर। छोटे खरकाई पुल से दोपहर तकरीबन 2:30 बजे एक महिला द्वारा नदी में छलांग लगाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद पुल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। नदी के तेज बहाव में महिला को बहते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

​प्रत्यक्षदर्शी व्यक्ति ने बताया कि घटना दोपहर लगभग 2:30 बजे की है। महिला की उम्र करीब 50 वर्ष या उससे अधिक प्रतीत हो रही थी। वह पुल पर बिल्कुल अकेली आई थी। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, महिला पुल की रेलिंग के पास पहुंची, उसने अपनी चप्पलें उतारीं, अपना मोबाइल फेंका और बिना किसी हिचकिचाहट के अचानक उफनती खरकाई नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते या उसे रोक पाते, तब तक वह नदी की तेज धार में समा चुकी थी।

​घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाया। पुल से गुजर रहे लोगों ने नदी में दूर तक महिला को बहते हुए देखा और बचाने की कोशिश के लिए आवाज लगाई, लेकिन पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण वह जल्द ही आंखों से ओझल हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे तथा महिला की तलाश शुरू कर दी गई है। महिला की पहचान और छलांग लगाने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *