जमशेदपुर समेत कई थाना क्षेत्रों से चोरी कर ग्रामीण इलाकों में खपाते थे वाहन, आठ वाहन व दो मोबाइल बरामद
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के कब्जे से अब तक 25 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं। ताजा कार्रवाई में पुलिस ने आठ वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुड़ाबंदा थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में बाइक चोरी से जुड़े कई अन्य संदिग्धों के नाम सामने आए। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व और पुलिस उपाधीक्षक, मुसाबनी की निगरानी में विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया।
कटकी मैदान में दबोचे गए आरोपी
SIT ने तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और पूर्व में बरामद वाहनों के सत्यापन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक, मुसाबनी को सूचना मिली कि मुसाबनी थाना क्षेत्र के कटकी मैदान के पास दो व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर मुसाबनी थाना पुलिस और SIT की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने वहां से दो व्यक्तियों को चोरी की मोटरसाइकिल और एक स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं और जमशेदपुर शहर के अलावा पूर्वी सिंहभूम तथा अन्य जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को ग्रामीण इलाकों में बेचकर खपाया जाता था।
निशानदेही पर आठ वाहन बरामद
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल आठ मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद कीं। पुलिस के अनसार पूर्व की कार्रवाई में बरामद वाहनों को मिलाकर इस गिरोह से जुड़े मामलों में अब तक 25 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की जा चुकी हैं। मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों तथा संबंधित थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही SIT गिरोह के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और चोरी के वाहनों को खपाने वाले व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।













Leave a Reply