JHAHIN/2014/58773

आदित्यपुर के एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान में पार्क निर्माण का कड़ा विरोध: पूजा समिति ने मेयर को सौंपा ज्ञापन, टेंडर स्थगित करने की मांग

Spread the love

आदित्यपुर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 स्थित ऐतिहासिक एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान में प्रस्तावित पार्क निर्माण और सौंदर्यीकरण योजना को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं पूजा समिति के बीच भारी असंतोष गहरा गया है। योजना के विरोध में मंगलवार को श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी (सिंहभूम बॉयज क्रिकेट क्लब) के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम के महापौर संजय सरदार और नगर आयुक्त से मिलकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। कमिटी ने मांग की है कि इस मैदान पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर अविलंब रोक लगाई जाए।दुर्गा पूजा कमिटी के अध्यक्ष बबलू सिंह ने कहा कि एस-टाइप मैदान केवल एक खाली भूखंड नहीं, बल्कि समूचे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र है। उन्होंने कहा कि पार्क बनने और पेवर्स ब्लॉक या बाउंड्री लगने से बच्चों के खेलकूद का अधिकार छिन जाएगा। यह मैदान दुर्गा पूजा, काली पूजा, सरस्वती पूजा, छठ घाट और गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों के वैवाहिक व मांगलिक आयोजनों का एकमात्र निशुल्क सहारा है। यदि इसे पार्क के नाम पर घेरा गया, तो आम जनता से उनका सामुदायिक स्थल छिन जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस भूखंड को ‘सामुदायिक खेल एवं सांस्कृतिक मैदान’ घोषित किया जाए; जनभावनाओं की अनदेखी होने पर नागरिक लोकतांत्रिक आंदोलन को बाध्य होंगे।वहीं, कमिटी के संरक्षक मनोज सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि स्थानीय जनता विकास की विरोधी नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर सामाजिक धरोहरों का विनाश स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस मैदान में एक साथ कई शादियों के पंडाल लगते हैं और आस्था के बड़े पर्व आयोजित होते हैं। बाउंड्री बनाकर इसे सीमित करना जनहित में नहीं है। इसलिए निकाले गए टेंडर को तत्काल प्रभाव से रद्द या स्थगित किया जाना चाहिए।इस पूरे मामले पर आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने स्पष्ट किया कि यह पूर्व की योजना थी। स्थानीय नागरिकों, वार्डवासियों और पूजा समिति की आपत्तियों तथा जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इस टेंडर प्रक्रिया को स्थगित रखने का निर्णय लिया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्रवासियों की सहमति और सुविधा के अनुसार ही आगे कोई कदम उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *