आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 स्थित एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान के विकास व सौंदर्यीकरण कार्य के लिए जारी 80 लाख रुपये के टेंडर पर छिड़ा विवाद अब वार्ड सभा के पाले में चला गया है।
‘सिंहभूम बॉयज क्रिकेट क्लब’ और कुछ स्थानीय लोगों द्वारा टेंडर रद्द करने की मांग को लेकर निगम कार्यालय में किए गए विरोध के बाद नगर आयुक्त, डिप्टी मेयर और स्थानीय पार्षद ने अपना पक्ष स्पष्ट किया।
नहीं होगा टेंडर रद्द – नगर आयुक्त
इस मामले में नगर आयुक्त एजाज अनवर ने कहा कि निगम की मंशा किसी पार्क या भवन बनाकर मैदान पर कब्जा करने की बिल्कुल नहीं है, बल्कि खेल के मैदान को उसी स्वरूप में बेहतर व सुंदर बनाना है। उन्होंने कहा कि भ्रम और विरोध की स्थिति को देखते हुए टेंडर प्रक्रिया चलती रहेगी, उसे रद्द नहीं किया जाएगा। समाधान के तौर पर दुर्गा पूजा के बाद मैदान में वार्ड सभा बुलाई जाएगी। योजना के एक-एक मद (पेवर ब्लॉक, लाइट, हरियाली आदि) पर स्थानीय जनता से राय ली जाएगी। जनता जिस कार्य को मंजूरी देगी, वही कराया जाएगा।
जनहित की योजनाओं में राजनीति अनुचित है – डिप्टी मेयर
वहीं डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि जनहित की योजनाओं में राजनीति और बेवजह का हंगामा अनुचित है। टेंडर प्रक्रिया रद्द नहीं होगी। वार्ड सभा में केवल वार्ड 22 के पंजीकृत मतदाता ही भाग लेंगे। जनता के सामने पूरा प्राक्कलन रखा जाएगा और बहुमत से जो निर्णय होगा, निगम उसी के आधार पर काम करेगा।
मैदान का होगा कायाकल्प – पार्षद
वार्ड 22 की पार्षद अंजू सिंह और प्रतिनिधि संजीव सिंह बबुआ ने विरोध को निजी स्वार्थ और गलतफहमी से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मैदान पर अवैध कब्जे व मलबे को बचाने के लिए भ्रम फैला रहे हैं। योजना से मैदान खुलेगा, बास्केटबॉल कोर्ट, पेयजल, प्रकाश व शौचालय की सुविधा मिलेगी, जिससे बच्चे खेल सकेंगे और बुजुर्ग टहल सकेंगे। जनहित में मैदान का कायाकल्प हर हाल में कराया जाएगा।













Leave a Reply