शिक्षकों को दी गई र बचत योजनाओं की जानकारी
जमशेदपुर। डाक विभाग के सिंहभूम मंडल की ओर से बुधवार को केरला पब्लिक स्कूल, बर्मामाइंस में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों एवं आम लोगों को डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं तथा डाक जीवन बीमा (Postal Life Insurance-PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) की सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में स्कूल के कुल 104 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान डाक विभाग के अधिकारियों ने ऑडियो-विजुअल प्रेजेंटेशन के माध्यम से PLI और RPLI की विशेषताओं, पात्रता, सुविधाओं और लाभों की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि डाक विभाग का व्यापक नेटवर्क और कम प्रबंधन लागत इसकी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान में PLI की सुविधा सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ पात्र निजी संस्थानों एवं डिग्रीधारी कर्मचारियों के लिए भी उपलब्ध है।
शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों और परिवारों तक पहुंचेगी जानकारी
मीडिया से बातचीत में डाक विभाग के अधिकारी ने कहा कि देशभर में डाक विभाग का विशाल नेटवर्क है और औसतन करीब तीन किलोमीटर के दायरे में डाकघर की सुविधा उपलब्ध है। स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों और उनके परिवारों तक डाक विभाग की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना भी है।
उन्होंने बताया कि स्कूल स्तर पर यह डाक विभाग की ओर से पहला ऐसा जागरूकता कार्यक्रम था। आने वाले दिनों में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस समेत शहर के अन्य सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों तथा प्रमुख संस्थानों में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डाक विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को अपनी बचत, बीमा और अन्य सेवाओं से जोड़ते हुए ‘हर घर डाकघर’ की अवधारणा को और मजबूत करना है।













Leave a Reply