झाड़ग्राम। तंबाकूमुक्त शिक्षण संस्थान बनाने के उद्देश्य से बिनपुर-II चक्र कार्यालय परिसर में बुधवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम और सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का आयोजन बिनपुर-II चक्र के अवर विद्यालय निरीक्षक प्रकाश नाथ की पहल तथा झाड़ग्राम जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सहयोग से किया गया।
कार्यशाला में जिला एनसीडी-I, झाड़ग्राम के डिस्ट्रिक्ट कंसल्टेंट सानी गांगुली बतौर नोडल रिसोर्स पर्सन मौजूद रहे। उनके साथ NTCP के सोशल वर्कर किशोर कुमार पाल भी उपस्थित थे। विशेषज्ञों ने तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान, COTPA कानून के विभिन्न प्रावधानों तथा शिक्षण संस्थानों को तंबाकूमुक्त रखने के उपायों की जानकारी दी।
कार्यशाला में बिनपुर-II चक्र के कुल 109 विद्यालयों के नोडल शिक्षकों ने हिस्सा लिया। विद्यालय परिसरों में तंबाकूमुक्त वातावरण तैयार करने के साथ विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ाना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा।
अवर विद्यालय निरीक्षक प्रकाश नाथ ने नोडल शिक्षकों से कार्यशाला में मिली जानकारी को अपने-अपने विद्यालयों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों को तंबाकू के दुष्प्रभावों तथा तंबाकूमुक्त शिक्षण संस्थान के महत्व के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। कार्यशाला की समग्र देखरेख एठेला जूनियर हाई स्कूल के प्रभारी शिक्षक कौशिक चटर्जी ने की।













Leave a Reply