बहरागोड़ा(हिमांशु करण)। बहरागोड़ा के बरागाढ़िया मध्य विद्यालय में पदस्थापित 51 वर्षीय शिक्षक नील मोहन माईती का बुधवार को पुरनापानी पंचायत में एसआईआर (SIR) ड्यूटी के दौरान अचानक निधन हो गया। ड्यूटी पर तैनात रहने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद सहकर्मी शिक्षक उन्हें अंचलाधिकारी के सरकारी वाहन से आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहरागोड़ा ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उत्पल मुर्मू के अनुसार प्रथमदृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अस्पताल शिक्षक पहुंचे
उधर घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में शिक्षक अस्पताल पहुंचे और अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा का घेराव कर जमकर विरोध जताया। झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष पुलिन बिहारी कुईला ने आरोप लगाया कि पिछले 3-4 महीनों से शिक्षकों से लगातार एसआईआर का काम कराया जा रहा है, जिससे उन पर अत्यधिक मानसिक दबाव था। वहीं दूसरी ओर, सीओ राजाराम सिंह मुंडा ने किसी भी प्रकार के दबाव से इनकार करते हुए कहा कि सभी शिक्षक आपसी समन्वय से सामान्य रूप से कार्य कर रहे थे।

शिक्षक संघ ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
शिक्षक संघ ने उपायुक्त के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) केशव भारती को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें ड्यूटी के दौरान शिक्षकों को उचित और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
वहीं घटना के बाद पुरनापानी पंचायत भवन में शोक सभा का आयोजन कर दिवंगत शिक्षक को श्रद्धांजलि दी गई और एसआईआर कार्य स्थगित कर दिया गया। वहीं मृतक शिक्षक अपने पीछे पत्नी कृष्णा माईती और दो बेटियों (लिशा एवं श्रेया) को छोड़ गए हैं।













Leave a Reply