आदित्यपुर। औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों की समस्याओं और उनके बुनियादी अधिकारों को लेकर कोल्हान सह टायो मजदूर यूनियन ने निर्णायक आंदोलन का ऐलान कर दिया है।
आदित्यपुर में यूनियन के अध्यक्ष व पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने बुधवार को घोषणा की कि 20 सितंबर को आदित्यपुर खरकई पुल से लेकर गम्हरिया टायो गेट तक एक विशाल मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। इसके तुरंत बाद गम्हरिया स्थित घोड़ा बाबा मंदिर परिसर में एक विशाल जनसभा का आयोजन होगा।
मीडिया से बातचीत करते हुए अरविंद सिंह ने कहा कि यह आयोजन किसी उद्योग या प्रबंधन के विरोध में नहीं, बल्कि उन लाखों श्रमिकों की आवाज है जिनके पसीने से उद्योग फलते-फूलते हैं। हमारा स्पष्ट संकल्प है—”उद्योग मजबूत हों, मजदूर सुरक्षित हों और श्रम का सम्मान हो।” उन्होंने मजदूरों से जुड़े 18 सूत्रीय प्रमुख मुद्दों को सामने रखते हुए कंपनियों की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि आज भी कारखानों में 12-12 घंटे काम कराया जाता है, जबकि साप्ताहिक अवकाश, पीने का साफ पानी और विश्राम जैसी बुनियादी सुविधाएं नदारद हैं। समान काम के बावजूद स्थायी और अस्थायी श्रमिकों के वेतन व बोनस में भारी भेदभाव हो रहा है। न्यूनतम वेतन अधिनियम, पीएफ (PF), ईएसआई (ESI) और ओवरटाइम के नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है। हक मांगने पर कामगारों को नौकरी से निकालने का डर सताता है।
अध्यक्ष अरबिंद सिंह ने औद्योगिक घरानों पर निशाना साधते हुए कहा कि बड़ी कंपनियों में श्रमिकों के शोषण और दादागिरी का खेल चल रहा है। प्रबंधन द्वारा न्यूनतम वेतन में कटौती करने के साथ ही स्किल्ड कामगारों को सेमी-स्किल्ड और कॉन्ट्रैक्ट श्रेणी में डालकर उनके ग्रेड घटाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हक की आवाज उठाने वाले मजदूरों को कंपनियां ट्रांसफर कर प्रताड़ित कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मजदूरों के साथ हो रहे इस अन्याय और गंभीर समस्या को लेकर जल्द ही एक खुली बहस भी आयोजित की जाएगी।
अरविंद सिंह ने श्रम विभाग की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए मांग की कि औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत, ड्रेनेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, अतिरिक्त पुलिस आउटपोस्ट और दूर-दराज से आने वाले श्रमिकों के लिए सुरक्षित बस सेवा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कोल्हान क्षेत्र के सभी कामगारों और आम नागरिकों से 20 सितंबर की मानव श्रृंखला और जनसभा में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में कोल्हान मजदूर यूनियन
के उपाध्यक्ष बसंत कुमार, अजय कुमार शर्मा महामंत्री,जगदीश नारायण चौबे, असंगठित मजदूर यूनियन प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय मौजूद रहे।













Leave a Reply