सरायकेला। राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से सरायकेला ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत भारी वाहनों के चालकों की सघन जांच की गई। जांच अभियान के दौरान पुलिस बल ने सड़क से गुजरने वाले ट्रकों, डंपरों तथा अन्य भारी व्यावसायिक वाहनों को रोककर ब्रीथ एनालाइज़र मशीन के जरिए चालकों की अल्कोहल जांच की। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों द्वारा आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। कई चालक शराब या अन्य मादक पदार्थों के नशे में धुत होकर तेज रफ्तार व लापरवाही से भारी वाहन चलाते हैं, जिससे आम राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ जाती है।
शराब पीकर वाहन चलाने वाले किसी भी चालक को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने बताया कि मौसम खराब होने और हल्की बारिश के कारण जांच में कुछ रुकावट आई, लेकिन बारिश थमते ही अभियान को और अधिक गति दी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें और नशे की हालत में वाहन बिल्कुल न चलाएं, अन्यथा उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के साथ कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।













Leave a Reply